संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। घिलौर माजरी गांव में वीरवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई और दूसरा युवक घायल हो गया। हादसा गांव की सड़क पर पूर्व सरपंच धर्मपाल के ट्यूबवेल के पास हुआ। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के भाई सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि गांव घिलौर माजरी निवासी 35 वर्षीय राकेश कुमार मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी निशा देवी और दो बेटे छह वर्षीय शौर्य व तीन वर्षीय मोक्ष हैं। वह वीरवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह खाना खाने के बाद सड़क पर टहल रहा था।
इसी दौरान उसका भाई राकेश गांव के अजय कुमार के साथ बाइक पर घिलौर की तरफ जा रहे थे। पूर्व सरपंच धर्मपाल के ट्यूबवेल के पास सामने से तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली आई। चालक ने अचानक ट्रैक्टर बाइक की तरफ मोड़ दिया, जिससे बाइक की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों को सीएचसी रादौर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें यमुनानगर रेफर किया गया। राकेश की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं आरोपी चालक के बारे में पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी का सुराग लगाकर जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।