संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सीआईए टू की टीम ने शुक्रवार रात शहर के कन्हैया साहिब चौक के नजदीक वरना कार से बरामद 25 लाख रुपये की नकदी ट्रेजरी में जमा करा दी। मामले की जांच इनकम टैक्स के साथ-साथ आचार संहिता निगरानी कमेटी भी करेगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि यह रुपये किस काम के लिए ले जाए जा रहे थे।
हालांकि इन रुपयों को एसएम वाइन फर्म ने अपना बताया है। फर्म के प्रवक्ता का कहना है कि यह ठेकों से एकत्र होने वाली रोजाना की नकदी है। एक्साइज फीस भरने के लिए रुपये ले जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। इसके बारे में जांच एजेंसी को सुबूत दिए गए हैं। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। जल्द ही उनके रुपये रिलीज हो जाएंगे।
सीआईए टू की टीम ने शुक्रवार देर रात कन्हैया साहिब चौक के पास वर्ना कार को रोककर जांच की। जब कार के अंदर जांच की गई तो उसमें शराब की पेटियों के अंदर नकदी भरी हुई थी। जांच में यह 25 लाख रुपये निकले। टीम ने कार चला रहे व्यक्ति से इस बारे में पूछताछ की लेकिन वह सही जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार अमित कुमार व इनकम टैक्स के ईटीओ संदीप बख्शी को बुलाया गया।
चालक के पास नकदी से संबंधित कोई दस्तावेज भी नहीं था। इस पर पुलिस ने इस नकदी को कब्जे में ले लिया। अब मामले की जांच इनकम टैक्स के साथ आचार संहिता निगरानी कमेटी करेगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कहीं ये रुपये लोकसभा चुनाव को लेकर भेजे जा रहे थे या किसी अन्य काम के लिए इनका इस्तेमाल किया जाना था।
हालांकि एसएम वाइन फर्म ने इन रुपयों को एक्साइज फीस भरने के लिए ले जाने की बात कही है। वास्तव में यह रुपये एक्साइज फीस भरने के लिए ले जाए जा रहे थे या किसी अन्य कार्य में इनका इस्तेमाल होना था, यह जांच के बाद पता चलेगा। फिलहाल पुलिस व इनकम टैक्स के अधिकारी मामले की जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।
सीआईए टू इंचार्ज अनेश का कहना है कि कार से बरामद रुपये एसएम वाइन फर्म ने अपने बताए हैं। रुपये अभी रिलीज नहीं किए गए है। मामले की जांच इनकम टैक्स व आचार संहिता निगरानी कमेटी भी कर रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं एसएम वाइन के प्रवक्ता ने बताया कि यह ठेकों से इक्ट्ठा होने वाला रोजाना का कैश है। एक्साइज की फीस भरनी थी। पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। इसके सबूत जांच एजेंसी को सौंप दिए हैं।