संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। 48 दिन से लापता गांव झींवरेहड़ी के 19 वर्षीय कमल का शव रविवार को रेलवे पुल के समीप पश्चिमी यमुना नहर से बरामद हुआ। परिजनों की ओर से पहचान करने पर थाना बूड़िया पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक कमल के पिता तेजा राम ने बेटे की हत्या का शक जताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कि कमल के लापता होने के दिन 25 मई को घर पर उसका दोस्त आया और कमल को साथ ले गया था। कमल व उसका दोस्त बाइक पर गए थे। देर शाम तक कमल घर नहीं लौटा तो उसे साथ ले जाने वाले दोस्त से पूछा, पर उसने कुछ नहीं बताया। इस पर उनका शक है कि दोस्त ने ही कमल के साथ गलत किया है। थाना बूड़िया के जांच जसविंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों ने मृतक की पहचान कमल के रूप में की है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कमल की मौत वजह पता चलेगी। पिता के आरोप के आधार पर जांच की जा रही है। परिजनों के बयान व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाएंगे।