संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बारिश होने से जिले में हरी सब्जी के दाम काफी बढ़ गए हैं। सब्जी की कीमतों में वृद्धि होने से इन्हें खरीदने से पहले लोगाें को कई-कई बार सोचना पड़ रहा है। आलू, घीया को छोड़ कर किसी भी सब्जी का रेट 60 रुपये से कम नहीं है। इससे लोगों की रसोई का बजट भी डांवाडोल हो गया है।
सब्जियों की कीमत में औसतन 20 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है। वहीं गोभी तो 100 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। जिन्हें खरीदना आम आदमी के बस की बात नहीं रही। दरअसल जून के आखिरी सप्ताह में बहुत तेज बारिश हुई थी। चारों तरफ पानी ही पानी हो गया था। बारिश के पानी ने खेतों में लगी सब्जी को भी काफी नुकसान पहुंचाया था।
खासकर साढौरा, व्यासपुर व छछरौली क्षेत्र में। साढौरा व छछरौली में बेल पर लगने वाली सब्जी बड़े स्तर पर उगाई जाती है। बरसाती नदियों में आया उफान खेतों में लगी सब्जियों को भी अपने साथ बहा ले गया। साढौरा क्षेत्र में लगी गोभी, गोभी की पनीरी, तोरी, घीया, टमाटर, शिमला मिर्च को काफी नुकसान हुआ है।
वहीं जो सब्जी बची हुई थी, वह कई दिन पानी जमा रहने से गल गई। पानी से हुए नुकसान की वजह से सब्जी
अब उत्तर प्रदेश व हिमाचल प्रदेश से मंगवानी पड़ रही है। दूसरे राज्यों से मालभाड़ा अधिक होने से दुकानदार भी ज्यादा रेट पर सब्जी बेच रहे हैं। जिससे लोगों को सब्जी महंगी खरीदनी पड़ रही है। शहरवासी रमेश, विकास व संदीप ने बताया कि ज्यादातर हरी सब्जियों के रेट 60 रुपये से ज्यादा हैं। केवल घीया 40 रुपये में मिल रही है।