जगाधरी। मानदेय बढ़ोत्तरी के लिए मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन के बैनर तले शुक्रवार को जिले के कर्मचारियों ने अनाज मंडी गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही मांगों के समर्थन में ड्यूटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि मिड-डे-मील कर्मियों से अतिरिक्त कार्य लिया जा रहा है, लेकिन 10 साल से उनके मानदेय में बढ़ोत्तरी नहीं की गई। प्रदर्शन को विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अलावा सामाजिक व राजनीतिक दलों ने भी समर्थन दिया।
यूनियन राज्य महासचिव शरबती ने कहा कि 10 साल में खाद्य पदार्थों के दाम कई गुणा बढ़ चुके हैं, परंतु सरकार ने उनके मानदेय में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की है। ऐसे में मिड डे मील कर्मियों का घर चलाना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों की मांगों में न्यूनतम वेतन 26 हजार, सेवानिवृत्ति पर दो लाख रुपये ग्रेच्युटी, वर्दी भत्ता 2000 रुपये, हटाए कर्मचारियों को वापस काम पर लेने, बाॅयोमीट्रिक हाजिरी और काम खत्म होने के बाद स्कूल में रुकने का दवाब न देना आदि शामिल है। कर्मियों के प्रदर्शन को कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित अन्य दलों के नेताओं ने भी समर्थन दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन की जिला प्रधान नीलम भट्टी ने किया। मौके पर सीटू जिला प्रधान रामकुमार कांबोज, रोशन लाल, विनोद त्यागी, सर्व कर्मचारी संघ जिला सचिव गुलशन भारद्वाज आदि उपस्थित थे।