संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मलिकपुर बांगर में हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महक कक्षा सातवीं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वरिका कक्षा सातवीं द्वितीय स्थान पर रही।
अनुष्का कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा नंदिनी कक्षा छठी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य सतनाम सिंह ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं को जागरूक होकर नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहना चाहिए और दूसरों को भी इसके प्रति सचेत करना चाहिए।
प्रवक्ता संजय कुमार ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ और जागरूक बनाना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक पंजाबी प्रवक्ता सीमा कपूर, गणित प्रवक्ता विजय कुमारी पीईए सुरेंद्र कुमार सहित विद्यालय स्टाफ के अन्य सदस्य शामिल रहे