जगाधरी। मुंबई में होने वाली राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में शहर का मयंक अपनी प्रतिभा दिखाएंगा। जिला व राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुका मयंक 14 से 18 जनवरी तक रोलर स्केटिंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेगा। ऐसा पहली बार है कि राजकीय विद्यालय का कोई छात्र रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में भाग ले रहा है।
मयंक शहर के शहीद नवीन वैद्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माॅडल टाउन में 11वीं कक्षा का छात्र है। मयंक इससे पहले जिलास्तर पर कई पदक जीत चुका है। जिलास्तर पर रोलर स्केटिंग में वह चार स्वर्ण जीत चुका है। इसके बाद उसने गुरुग्राम में हुई राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया। यहां पर रोलर स्केटिंग की 500 में भाग लिया और सभी को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान व स्वर्ण पदक जीता।
विज्ञापन
इसी प्रतियोगिता में मयंक ने 1000 मीटर की दौड़ में भाग लिया और इसमें भी पहला स्थान व स्वर्ण पदक जीता। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के चलते मयंक का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इसके बाद अब मयंक 14 से 18 जनवरी तक मुंबई में होने वाली नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में भाग लेने जाएगा।
मयंक ने बताया कि वह पांच साल से रोलर स्केटिंग कर रहा है। जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं में उसने स्वर्ण पदक जीते हैं। अब वह नेशनल प्रतियोगिता की तैयारी कर रहा है। इसके लिए प्रतिदिन सुबह-शाम डेढ़ से दो घंटे अभ्यास करता है। नेशनल प्रतियोगिता के बाद वह मथुरा में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेगा। यह राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिता फरवरी में करवाई जानी प्रस्तावित है।