यमुनानगर। सिटी बस सेवा को तीन माह हो गए हैं पर इनमें किसी तरह के बस पास की सुविधा शुरू नहीं हुई। अभिभावक विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा देने की मांग कर रहे हैं। क्योंकि सिटी बस के रूट पर कई शिक्षण संस्थान हैं और इस रूट पर काफी विद्यार्थी सिटी बस से सफर करते हैं।
जानकारी के अनुसार हरियाणा रोडवेज के यमुनानगर डिपो पर जनवरी में आई पांच इलेक्ट्रिक एसी बसों को 29 जनवरी से सिटी बस सेवा के रूप में चलाया जा रहा है। इसमें यमुनानगर-छछरौली रूट पर दो बसें है, जिसका यमुनानगर छछरौली तक प्रति यात्री 30 रुपये किराया है। जगाधरी बस स्टैंड से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक वाया यमुनानगर बस स्टैंड रूट पर दो बसें हैं। साथ ही गत रविवार से एक बस जगाधरी वर्कशॉप रेलवे स्टेशन से बूड़िया वाया शहीद भगत सिंह चौक रूट पर चला दी गई है। जिसके वर्कशॉप से बूड़िया के लिए सुबह 8.00, 10.00, दोपहर 12.00, 15.31, शाम 17.31, 19.31 के समय बसें हैं, वहीं बूड़िया से वर्कशॉप के लिए सुबह 9.00, 11.00, दोपहर 13.00, शाम 16.31, 18.31, 20.31 के समय बसें हैं। साथ ही वर्कशॉप रेलवे स्टेशन से यमुनानगर बसस्टैंड तक 10, शहीद भगत सिंह चौक तक 15, बूड़िया चुंगी तक 20 व बूड़िया तक 25 रुपये किराया है।
सिटी बस के रूटों पर आईटीआई सहित कई स्कूल-कॉलेज हैं। इन रूटों पर काफी संख्या में विद्यार्थी सिटी बस से आवागमन करते हैं। इनमें से बहुत से विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्रों के हैं, जो बस स्टैंड तक तो हरियाणा रोडवेज की डीजल बसों में बसपास सुविधा का लाभ लेते हुए पहुंचते हैं पर बस स्टैंड से इलेक्ट्रिक एसी बस से आगे शिक्षण संस्थान जाने व लौटने में उन्हें निर्धारित किराया देना पड़ रहा है। साक्षी, सुनैना, रश्मी, सन्नी, बंटी, राजीव ने कहा कि जिले के ग्रामीण व अन्य जिलों तक विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक जाने व लौटने के लिए हरियाणा रोडवेज की डीजल बसों में बसपास सुविधा हैं, पर पता नहीं क्यों शहर में सिटी बस के तौर पर चल रही इलेक्ट्रिक एसी बसों में यह सुविधा नहीं लागू हो पाई है। उन्होंने सिटी बस में भी विद्यार्थियों के लिए बसपास सुविधा शुरू करने की मांग है। इसके लिए उन्होंने जीएम रोडवेज को ज्ञापन देने का निर्णय लिया है।
वर्जन- अभी सिटी बस सेवा में बस पास सुविधा नहीं है। इस बारे में फिलहाल कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं। इस बारे में भविष्य में जैसे निर्देश होंगे, उसी मुताबिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।- दिवाकर सिन्हा, प्रबंधक, सिटी बस सेवा।