संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को कहा कि लोहगढ़ में निर्माणाधीन भव्य स्मारक एवं संग्रहालय, बाबा बंदा सिंह बहादुर जी की वीरता, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। सिखों की पहली राजधानी किला लोहगढ़ को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाउंडेशन ट्रस्ट का गठन किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने व्यासपुर के विश्राम गृह में बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाउंडेशन ट्रस्ट के कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री कंवरपाल को निगरानी समिति का अध्यक्ष नामित किया गया। मॉनिटरिंग कमेटी का उद्देश्य सिख विरासत को प्रतिबिंबित करने वाले स्मारक की निर्माण प्रक्रिया की समय-समय पर जांच करना एवं आवश्यक सुझाव दिया जाना रहेगा। बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाउंडेशन ट्रस्ट की एक्सपर्ट कमेटी का कार्य इतिहास से स्मारक से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं एवं अन्य घटनाओं को उजागर करना अथवा शोध के द्वारा इसको सशक्त बनाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करना होगा।
किसान युवा क्लब के संस्थापक राकेश बेनीवाल एवं उनके सहयोगी अमन विर्क ने बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाउंडेशन ट्रस्ट के नाम दान स्वरूप 11 लाख रुपये का चेक केंद्रीय ऊर्जा मंत्री को सौंपा। पहले भी देशभक्त यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. जोरा सिंह ने 11 लाख रुपये ट्रस्ट को दान में दिए है।
सिखों की पहली राजधानी किला लोहगढ़ को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाउंडेशन ट्रस्ट का गठन किया गया है। ट्रस्ट के लिए रेस्ट हाउस में दो कमरे लिए गए हैं, जहां प्रदेश सरकार के नेताओं व अधिकारी लोहगढ़ में विकास योजनाओं को लेकर आपसी विचार विमर्श से कार्य करेंगे।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि लोहगढ़ में निर्माणाधीन भव्य स्मारक एवं संग्रहालय, बाबा बंदा सिंह बहादुर जी की वीरता, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
हम उनकी गौरवशाली विरासत को संजोकर उसे भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। लोहगढ़ के विकास को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा योजना बनाकर कार्य किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत भगवानपुर की 20 एकड़ भूमि का अधिग्रहण करके पर्यटन विभाग को दे दिया गया है। मौजूदा समय में किला लोहगढ़ व प्राचीन गुरुद्वारा तक लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से सड़क व पुल का निर्माण पहले चरण में किया जा चुका है। इसके पश्चात आगामी योजनाओं को जल्द ही अमलीजामा पहनाने के लिए कार्य किया जाएगा।
मनोहर लाल, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व मंत्री कंवरपाल, पूर्व सांसद संजय भाटिया, अतिरिक्त मुख्य सचिव विजेंद्र कुमार, मंडलायुक्त अंबाला संजीव वर्मा, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग, पर्यटन विभाग के निदेशक डॉ. शालीन, उपायुक्त पार्थ गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. प्रभलीन सिंह के साथ लोहगढ़ में होने वाले कार्याें को लेकर समीक्षा बैठक की।
बैठक में पिछले कार्यों की समीक्षा करते हुए भूमि हस्तांतरण, अनुदान के प्रभावी उपयोग, विकास परियोजनाओं की दिशा तय करने, प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग कमेटी व विशेषज्ञ समिति के गठन जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
साथ ही, प्रशासनिक प्रबंधन से जुड़े विषयों पर भी व्यापक चर्चा हुई। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, डीसी पार्थ गुप्ता, एसडीएम व्यासपुर जसपाल सिंह गिल समेत अन्य मौजूद रहे।