संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ईएसआई अस्पताल परिसर में श्रम विभाग के सहयोग से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से संचालित अटल कैंटीन पर इन दिनों ताला लटका है। कई दिनों से कैंटीन बंद होने के कारण बाहर से आने वाले को सस्ता और सुलभ भोजन नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस कैंटीन के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जाता था। शेष 10 रुपये की राशि श्रम विभाग की ओर से वहन की जाती थी। योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को सस्ती दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना था। कैंटीन शुरू होने के बाद यहां रोजाना लगभग 300 से 400 लोग भोजन करने पहुंचते थे, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलती थी।
अब कई दिनों से कैंटीन बंद होने के कारण लोग भोजन के लिए इधर-उधर भटकने के लिए मजबूर हैं। कई लोग कैंटीन पर पहुंचते हैं और ताला लगा देख लौट जाते हैं। इससे अस्पताल परिसर में आने वाले लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार कैंटीन का संचालन करने वाली महिलाओं के बीच आपसी विवाद के चलते संचालन प्रभावित हुआ है।
बताया जा रहा है कि वित्तीय लेनदेन और प्रबंधन को लेकर उत्पन्न मतभेदों के कारण कैंटीन पर ताला लगा दिया गया है। एक दिन तो ग्रुप की ही कुछ महिलाएं कैंटीन का ताला तोड़ कर यहां रखा सामान लेने के लिए पहुंच गई थीं, जिन्हें अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने मुश्किल से समझा कर वापस भेजा था।
हरियाणा सरकार के श्रम विभाग द्वारा प्रदेशभर में ऐसी अटल कैंटीनें चलाई जा रही हैं, जिनका संचालन स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा किया जाता है। इन कैंटीनों में भोजन तैयार कर केवल 10 रुपये में उपलब्ध कराया जाता है, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द हस्तक्षेप कर विवाद का समाधान करे और कैंटीन को शुरू करवाया जाए, ताकि लोगों को सस्ता भोजन मिल सके।
मेरे भाई का निधन हो गया था। जिस कारण मैं कुछ दिनों से कैंटीन में नहीं जा पा रही थी। मेरे पीछे महिलाएं भोजन की क्वालिटी का ध्यान रखेंगी या नहीं .इसलिए कैंटीन को बंद कर दिया गया। एक जुलाई से कैंटीन दोबारा शुरू की जाएगी। - शबनम, संचालक, अटल कैंटीन।