यमुनानगर। मॉडल टाउन स्थित संतपुरा श्री गुरुद्वारा साहिब में शुक्रवार देर रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब दूसरे पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंच गए। इस दौरान गुरुद्वारा में मौजूद संगत ने सजा का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच बहस का दौर चलता रहा।
बताया जा रहा है कि संतपुरा डेरा से जुड़े संत जगमोहन सिंह को बुधवार को अदालत ने फर्जी दस्तावेजों से जुड़े मामले में दो साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद से ही डेरे और उससे जुड़े लोगों के बीच माहौल गर्म है। शुक्रवार देर रात जब दूसरा पक्ष गुरुद्वारा साहिब पहुंचा तो वहां मौजूद संगत ने इसका कड़ा विरोध किया। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस को मौके पर बुलाया गया। थोड़ी ही देर में भारी पुलिसबल गुरुद्वारा परिसर के बाहर पहुंच गया और हालात पर नियंत्रण कर लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत रहने की समझाइश दी और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। इस दौरान संगत और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच काफी देर तक बहस होती रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी के कारण मामला बढ़ने से बच गया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को कानून व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी है। वहीं, एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो। संवाद