गुमथला घाट के पास यमुना नदी के पुल निर्माण के लिए आए मजदूर को कंस्ट्रक्शन का काम करने वाले मशीन के वाहन चालक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान पंजाब के नवांशहर जिले के गांव पद्दी मटवाली निवासी धर्मपाल के रूप में हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी वाहन चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंजाब के जिला जालंधर के गांव जसमेश खास निवासी हरमिंद्र सिंह उर्फ बबलू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह श्रमिकों का ठेकेदार है। यमुना नदी पर गुमथला घाट के पास सरकार की ओर से पुल का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके निर्माण का ठेका कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी ने लिया हुआ है। कंपनी से उसने श्रमिकों का ठेका ले रखा है। मंगलवार को गुमथला घाट पर उसके श्रमिक काम कर रहे थे। दोपहर बाद करीब तीन बजे पुल से काम निपटाकर श्रमिक कमरे पर जा रहे थे। श्रमिकों में उनके साथ पंजाब के जिला नवांशहर के गांव पद्दी मटवाली निवासी धर्मपाल भी था। जब वे गुमथला घाट पर बन रहे पुल से कुछ ही दूरी पर पहुंचे तो सामने से आ रही कंस्ट्रकशन का काम करने वाली मशीन के चालक ने सड़क किनारे चल रहे धर्मपाल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से धर्मपाल सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। अन्य मजदूरों ने उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान कुछ देर बाद धर्मपाल की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में ठेकेदार हरमिंद्र सिंह की शिकायत पर आरोपी मशीन वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया है।