रादौर। क्षेत्र में टूटी पड़ी सड़कों के मामले को लेकर सोमवार को हलका विधायक डॉ. बीएल सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल एक्सईएन पीडब्ल्यूडी से मिला। इस दौरान अधिकारी के समक्ष कार्यकर्ताओं ने रादौर क्षेत्र की टूटी पड़ी सड़कों को लेकर दुहाई दी। जिस पर एक्सईएन पीडब्ल्यूडी ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि रादौर क्षेत्र की सड़कों को जल्द ठीक करवा दिया जाएगा। जिस पर विधायक डॉ. बीएल सैनी ने विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द हल्के की सड़कों को ठीक नहीं किया गया तो वह विभाग के कार्यालय पर ढोल नगाड़ों के साथ घेराव करेंगे।
विधायक डॉ. बीएल सैनी ने पीडब्ल्यूडी विभाग के उच्चाधिकारी से फोन पर चंडीगढ़ में बात कर टूटी सड़कों का मुद्दा उठाया। जिस पर विभाग के अधिकारी ने हल्के की 28 सड़कों को जल्द ठीक करवाए जाने का आश्वासन दिया। विधायक सैनी ने बताया कि गांव दुधला व दामला की सड़कों पर सीएनजी की फैक्टरी लगाई है। इस फैक्टरी से जो मली निकल रही है, उससे गांव के लोग बहुत परेशान है। जिससे वायु प्रदूषण होता है। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर जल्द अधिकारियों से मिलकर जल्द कार्रवाई करने की मांग की जाएगी। इस अवसर पर रमेश राणा लाल छप्पर, एडवोकेट सतीश सागवान, संजू सरपंच धौलरा, गुरमीत सिंह, रणधीर सरपंच अलीपुरा, प्रदीप चौधरी मौजूद रहे।