फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जमीन के बंटवारे को लेकर पेट में चाकू घोंप चचेरे भाई की हत्या

विज्ञापन
Knife stabbing cousin in the stomach over land sharing - फोटो : Yamuna Nagar
विज्ञापन
यमुनानगर। बुडिया क्षेत्र के गांव बीबीपुर में एक कनाल जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में दो लोगों ने पेट में चाकू घोंपकर अपने ही चचेरे भाई मुबारिक (25 वर्ष) का कत्ल कर दिया। वारदात से कुछ देर पहले ही जमीन के बंटवारे को लेकर गांव में पंचायत हुई थी, लेकिन आरोपी पंचायत का फैसला नहीं मान रहे थे। आरोप मृतक के चचेरे भाई इस्लाम व जरीफ पर लगा है। आरोप है कि इस्लाम की पत्नी शाईस्ता ने घर से चाकू लाकर दिया। इसके बाद दोनों चचेरे भाईयों ने वारदात को अंजाम दिया। बुडिया पुलिस ने मृतक के भाई आरिफ की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

बीबीपुर निवासी आरिफ ने बताया कि उनकी गांव में ही जमीन है। एक कनाल जमीन के बंटवारे को लेकर उनका चचेरे भाईयों इस्लाम व जरीफ के साथ विवाद चल रहा था। कई दिन से इस जमीन के हिस्से को लेकर आपस में बातचीत चल रही थी। जमीन में चार हिस्से होने थे। समाधान न होने पर बुधवार रात को इसके निपटारे के लिए गांव के ही फारूख अली के कार्यालय पर पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में निवर्तमान सरपंच इनाम, उसका भाई मुबारिक, पंच व गांव के मौजिज लोग शामिल थे। लगभग दो घंटे तक पंचायत चली। इसमें निर्णय लिया गया कि वीरवार को जमीन की पैमाइश की जाएगी। पैमाइश में जिस हिस्सेदार के हिस्से में जितनी जमीन आएगी, उसके अनुसार ही बंटवारा होगा। हालांकि आरोपी पंचायत का यह फैसला नहीं मान रहे थे। पंचायत खत्म होने के बाद जब मुबारिक घर जाने लगा तो रास्ते में इस्लाम व मुबारिक ने उसे रोक लिया और गली के बीच ही गाली देने लगे। उसके भाई मुबारिक ने आरोपियों को कहा कि पंचायत का निर्णय ठीक है। हमें वह मंजूर है। उन्हें भी यह निर्णय मानना होगा। अभी उसका भाई मुबारिक आरोपियों से बातचीत कर ही रहा था कि इतने में इस्लाम की पत्नी शाईस्ता घर के अंदर से आई और अपने पति इस्लाम को चाकू दिया। चाकू लेते ही इस्लाम ने मुबारिक के पेट में घोंप दिया। जिससे उसका भाई लहूलुहान होकर नीचे गिर गया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। तभी आरोपी वहां से फरार हो गए। उसने अन्य परिजनों की मदद से तुरंत अपने भाई मुबारिक को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात करीब 2.30 बजे उसकी मौत हो गई। मृतक मुबारिक की एक साल पहले ही शादी हुई थी।
चार हिस्सेदारों में केवल इस्लाम नहीं मान रहा था फैसला
परिजनों ने बताया कि जमीन में चार हिस्सेदार हैं। पंचायत में भी चार बराबर बंटवारा करने का निर्णय लिया गया था। मुबारिक व अन्य हिस्सेदारों को फैसला मंजूर था, लेकिन इस्लाम व जरीफ इसे मानने को राजी नहीं थे। पंचायत के खत्म होने ही वे मुबारिक से पहले निकल गए। माना जा रहा था कि आरोपियों ने पहले ही मुबारिक की हत्या करने की योजना बनाई हुई थी।
विज्ञापन

पांच घंटे मौत से लड़ता रहा मुबारिक
जमीन के बंटवारे को लेकर हुई पंचायत रात करीब सवा नौ बजे खत्म हुई। करीब साढ़े नौ बजे आरोपियों ने मुबारिक के पेट में चाकू घोंप दिया और फरार हो गए। खून से लथपथ मुबारिक को गंभीर हालत में परिजन शहर के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां परिजनों ने उसे उपचार दिया। गंभीर हालत होने पर उसे आईसीयू में रखा गया। लगभग पांच घंटे तक मुबारिक मौत से लड़ता रहा। रात करीब 2.30 बजे उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई और उसने दम तोड़ दिया।
बीबीपुर में जमीन के विवाद को लेकर दो भाईयों ने अपने चचेरे भाई के पेट में चाकू घोंप दिया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। मामले में मृतक के भाई आरिफ की शिकायत पर आरोपी इस्लाम, जरीफ व इस्लाम की पत्नी शाईस्ता पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
विज्ञापन

-लज्जा राम, एसएचओ, थाना बुड़िया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें