जगाधरी। जिला बार वकीलों की बैठक कोर्ट परिसर में हुई। जिसमें भाकियू (टिकैत गुट) के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान पहुंचे। इस दौरान किसान लीगल सेल का विस्तार किया गया।
बैठक में हरियाणा लीगल प्रदेश अध्यक्ष वकील साहिब सिंह गुर्जर ने कहा कि जिला बार यमुनानगर के वकीलों ने सर्वसम्मति से किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को लड़ने के लिए किसानों का साथ देने का फैसला किया। अध्यक्ष रत्नमान ने बताया कि केंद्र सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है और किसानों ने 31 जनवरी को विश्वासघात दिवस मनाया भी। किसान आंदोलन के दौरान हरियाणा के किसानों पर लगभग 40 हजार मुकदमे दर्ज किए गए हैं जिनको समझौता के अनुसार केंद्र सरकार वापस नहीं ले रही है। जिस कारण अब सरकार से किसानों का विश्वास उठ चुका है।
वकील साहिब सिंह गुर्जर ने बताया कि सरकार के विश्वासघात को देखते हुए प्रदेश स्तर पर सभी जिलों में किसानों का मुकदमा लड़ने के लिए वकीलों की टीम का गठन किया जाएगा। देश के सभी वकील किसानों के साथ आंदोलन में भी थे और आज जरूरत पड़ने पर कोर्ट के अंदर बिना फीस के केस लड़ेंगे । इस दौरान वकील नरेंद्र ससोली को जिला लीगल सेल अध्यक्ष बनाया गया और वीरेंद्र सहगल, विक्रम वर्मा, वकील रेनू शर्मा, वकील रेहाना गुर्जर, वकील शुभम को उपाध्यक्ष बनाया गया। नवनियुक्त जिला लीगल सेल अध्यक्ष नरेंद्र ससोली ने कहा कि जो जिम्मेवारी उनको भारतीय किसान यूनियन की तरफ से दी गई है वह और उनकी टीम मेहनत के साथ कोर्ट में बिना फीस के मुकदमा लड़ने का काम करेगी। इस मौके पर भाकियू जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर, वकील नरेश कोचर, वकील ऋषि सहगल, वकील आरती नंदा, वकील सुखविंद्र पूनिया, वकील तरुण, वकील रविंद्र सोही मौजूद रहे।