संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। कस्बे की सात वर्षीय काशवी घई ने यूनिफाइड इंटरनेशनल संस्था की ओर से आयोजित ऑनलाइन गणित ओलंपियाड में ऑल इंडिया में 20 वां रैंक पाया है। नारायणगढ़ के माइंड ट्री स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ने वाली काशवी घई ने इस परीक्षा में 97.50 अंक पाकर यह सफलता हासिल की है।
इससे पहले इंग्लिश ओलंपियाड में भी काशवी ऑल इंडिया में 178वां तथा हरियाणा में पहला रैंक पाने की सफलता पा चुकी है। गणित ओलंपियाड परीक्षा के गणित के पेपर में काशवी को 30 में से 30 तथा लॉजिकल रिजनिंग के पेपर में 10 में से 9 अंक प्राप्त हुए हैं। इस उपलब्धि के लिए काशवी घई को यूनिफाइड इंटरनेशनल संस्था की ओर से ओलंपियाड कोचिंग का पैकेज, प्रशस्ति पत्र व गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा।
संस्था का दावा है कि राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा में पहली से 10वीं कक्षा के लगभग 10 करोड़ विद्यार्थियों ने भाग लिया था। काशवी की इस दोहरी सफलता पर उनके अभिभावक साहिल घई व प्रिया घई ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस उपलब्धि के लिए उन्होंने काशवी की मेहनत के अलावा उसके शिक्षकों के मार्गदर्शन को श्रेय दिया है। माइंड ट्री स्कूल की प्रिंसिपल पुष्पा शर्मा ने काशवी को बधाई देते हुए बताया कि यह परीक्षा विद्यार्थियों के लिए एक मंच है।