संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सिविल अस्पताल जा रही महिला को दो बदमाशों ने नशीली दवा के भीगा रुमाल सुंघा कर सोने-चांदी के गहने उड़ा लिए। होश आने पर गहने गायब देखकर उसने शोर मचाया। वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शहर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में चिट्टा मंदिर रोड निवासी राजबाला देवी ने बताया कि उसकी बेटी ने नागरिक अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। वह अस्पताल में उपचाराधीन है। वह सोमवार को बेटी को देखने अस्पताल जा रही थी। जब वह अस्पताल के गेट पर पेड़ के पास पहुंची तो अचानक दो युवक उसके नजदीक आए और पता पूछने के बहाने उसे रोक लिया।
वह कुछ समझ पाती इससे पहले एक युवक ने उसे रुमाल सुंघा दिया। जिसके बाद वह अर्ध मूर्छा में हो गई। अर्ध मूर्छा में वह दोनों बदमाशों से बात करने लगी। इस दौरान बदमाशों ने उसके कान से बाली, पैरों से पाजेब व अन्य आभूषण निकाल लिए। बदमाशों ने उसका पर्स भी ले लिया। जिसमें 250 रुपये थे।
राजबाला के बेटे सुनील ने बताया कि कुछ देर बाद जब उसकी मां को होश आया तो वह चीख पड़ी और घर लौट आई। मां के साथ मौके पर पहुंचा वहां आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज को देखा तो दो युवक नजर आ रहे थे।थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि फुटेज से आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।