यमुनानगर। मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप मां महागौरी की पूजा भक्तों ने कंजक पूजन के साथ की। मंदिरों के अलावा घर-घर कंजक पूजन किया गया। खासकर अष्टमी के साथ नवरात्र संपन्न करने वाले भक्तों ने कंजक पूजन के साथ व्रत भी संपन्न किए व खेत्री विसर्जित की।
मां दुर्गा के आठवें स्वरूप की पूजा के साथ कंजक पूजन से मां दुर्गा को प्रसन्न किया जाता है। भक्तों ने हलवा, पूरी, चने व अन्य पकवान बनाकर कंजक को भोग लगाया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कंजक को विदा करते समय विभिन्न प्रकार के उपहार भी दिए गए। दुर्गाष्टमी पर मॉडल टाउन के सनातन धर्म मंदिर, मॉडल कॉलोनी के रामजी की कुटिया, रेलवे स्टेशन समीप स्थित प्राचीन श्री मूर्ति देवी मंदिर, यमुना गली स्थित मां भगवती मंदिर, कैंप के सनातन धर्म मंदिर, गीता भवन मंदिर, शिव मंदिर, शनि मंदिर, छोटी लाइन स्थित जंगलावाली माता मंदिर, जगाधरी में प्राचीन देवी मंदिर के अलावा ट्विनसिटी के सभी मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो गए थे। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन व आरती कर मन्नतें मांगी।
छछरौली: क्षेत्र में दुर्गाष्टमी पर श्रद्धालुओं ने मां महागौरी की पूजा के बाद कन्याओं को भोजन करवाकर कंजक पूजन किया। धार्मिक परंपराओं के अनुसार लोगों ने घरों पर कन्याओं को भोजन करवाकर व्रत पूर्ण किया। श्रद्धालु राजीव, अंकित, तरुण, मोहित, गुलशन ने बताया कि नवरात्र में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा का विधान है। जिसके तहत श्रद्धालु उपवास कर मां की उपासना करते हैं। दुर्गाष्टमी व नवमी के दिन मां की पूजा कर कन्याओं को भोजन करवाकर व्रत पूर्ण किया जाता है।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर से लगते पर्वतीय क्षेत्र स्थित त्रिलोकपुर में नवरात्र में चल रहे मेले में रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। अष्टमी के दिन हजारों श्रद्धालुओं ने मां बाला सुंदरी, मां त्रि-भवानी और मां ललिता देवी के दर्शन किए और कन्या पूजन कर आशीर्वाद लिया। वहीं जगाधरी के देवीभवन बाजार स्थित प्राचीन देवी मंदिर में भी अष्टमी पर लगे मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर के बाहर दोनों ओर मार्ग पर विभिन्न वस्तुओं की दर्जनों दुकानें सजी, जिन पर सुबह से शाम तक लोगों ने खरीदारी की। -------------------------------
मंदिरों में शाम तक तक रही श्रद्धालुओं की भीड़
प्रतापनगर। क्षेत्र में दुर्गाष्टमी पर कन्याओं को भोजन करवाकर पूजन किया गया। दुर्गाष्टमी पर मंदिरों में सुबह से शाम भारी भीड़ रही। धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप नवरात्र के आठवें दिन व्रत रखने वालों ने व्रत पूर्ण किया। श्रद्धालु राजेश वालिया, रघुवीर सिंह, अंकुश ने बताया कि चैत्र माह में नवरात्र पर भक्त व्रत करते हैं। इन दिनों मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। पंडित जय भगवान ने बताया कि नवरात्र में श्रद्धापूर्वक दान, व्रत करने से मां की विशेष कृपा होती है और सभी मनोकामनाएं भी पूर्ण होती हैं। उन्होंने बताया कि कई श्रद्धालु चौदस तक नवरात्र उपवास करते हैं।