यमुनानगर। हमीदा हेड के पास तीन दिन पहले आवर्धन नहर में डूबे युवक का शव बुधवार सुबह ठसका हेड से बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान पुराना हमीदा के गढ़ी रोड निवासी लवप्रीत सिंह (20) के रूप में हुई।
मृतक के भाई गुरप्रीत सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर बाद उसका भाई लवप्रीत सिंह अपने दोस्त साहिल के साथ घर से गया था। वह हाथ धोने के लिए नहर में उतरा था तो पैर फिसल जाने से वह नहर में डूब गया था। तभी से उसकी नहर में तलाश की जा रही थी। बुधवार सुबह पांच बजे आवर्धन नहर के ठसका हैड से लवप्रीत का शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। शिनाख्त होने पर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया। जांच अधिकारी सतपाल का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में 174 के तहत कार्रवाई की गई है।