यमुनानगर। सहारनपुर रोड पर सदर थाना से मात्र 200 मीटर दूर साइकिल सवार व्यक्ति का बाइक सवार दो युवकों ने मोबाइल झपट लिया। वारदात के समय साइकिल सवार दवाई लेने खजूरी मोड पर जा रहा था। पुलिस ने मामले में दो अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांसरा निवासी अनुराग ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उत्तर प्रदेश के जोनपुर जिले के गांव नगारी का रहने वाला है। पांच साल से परिवार के साथ यहां रहता है। मंगलवार दोपहर बाद वह अपने घर से साइकिल पर सवार होकर खजूरी मोड पर दवाई लेने जा रहा था। जैसे ही वह सहारनपुर रोड पर सदर थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर पीर के पास पहुंचा तो उसके पास लेबर वाले का फोन आ गया। जैसे ही वह मोबाइल निकालकर फोन सुनने लगा तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। आरोपियों ने उसके नजदीक आकर बाइक की गति कम की। इससे पहले वह कुछ समझ पाता बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ से मोबाइल झपट लिया। इसके बाद आरोपी रेलवे स्टेशन की तरफ फरार हो गए। उसने पीछे से बाइक का नंबर नोट किया और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आरोपियों का पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी वहां से भाग निकले। इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने मामले में दो अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी अजय सिंह का कहना है कि बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।