संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला बार एसोसिएशन जगाधरी के तत्वावधान में शुक्रवार को अधिवक्ता परिषद के सहयोग से बार रूम में वसंत पंचमी का पावन पर्व श्रद्धा एवं गरिमामयी वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजना अग्रवाल और अन्य सभी न्यायिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम में पहुंचने पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रांत सिंह चौहान ने कार्यकारिणी के साथ अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा सभी उपस्थित जनों ने ज्ञान, विवेक एवं न्याय के मार्ग पर अग्रसर रहने का संकल्प लिया। अध्यक्ष विक्रांत सिंह चौहान ने कहा कि बसंत पंचमी ज्ञान, सद्बुद्धि एवं नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देती है, जो विधि व्यवसाय की मूल आत्मा है।
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजना अग्रवाल ने भी सभी अधिवक्ताओं को ज्ञान एवं विवेक के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने का संदेश दिया। मंच संचालन जिला बार एसोसिएशन के महासचिव विशाल गर्ग ने किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने प्रसाद ग्रहण किया इस अवसर पर उपाध्यक्ष सोनिया रोहिला, सह सचिव शुभम गौतम, शाम चंद गर्ग, विक्रम प्रताप, बृजेश प्रताप, दिग्विजय खुराना, सरिता, रोहित आर्य, नितेश बंसल, पूजा चौहान, मोनिका रानी, सबीना खान सहित अन्य उपस्थित रहे।