संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। निगम चुनाव में साझा मोर्चा की एंट्री से मेयर व 22 वार्ड में पार्षद चुनाव में मुकाबला कड़ा हो गया है। मोर्चा इनेलो, बसपा व आप पदाधिकारियों ने मिलकर बनाया और बुधवार को मेयर के लिए आजाद उम्मीदवार मधु सहित 22 वार्डों के आजाद पार्षद प्रत्याशियों को समर्थन देने की बात कही।
मोर्चा के गिनाए नामों में वार्ड-18 से आम आदमी पार्टी से पार्षद प्रत्याशी रघुवीर सिंह छिंदा का नाम नहीं आया बल्कि वार्ड 18 से बसपा पार्षद प्रत्याशी अमन शर्मा का नाम बताया गया। इस पर छिंदा ने एतराज और बताया कि उन्हें व वार्ड 11 से रचना और वार्ड 22 से रुकमणी को पार्टी की हाई अथॉरिटी से सिंबल पर चुनाव लड़ने की हरी झंडी मिली हुई है।
आम आदमी पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए अगर बसपा-इनेलो व आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी किसी अन्य को समर्थन दे तो उससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। ऐसे ही मोर्चा की ओर से वार्ड आठ से विनोद मरवाह को समर्थन देने की बात कही गई, पर विनोद मरवाह ने बुधवार को अपना नामांकन ही वापस ले लिया।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदर्शपाल ने बताया कि इनेलो, बसपा और आम आदमी पार्टी ने मिलकर यह फैसला लिया है कि मेयर के लिए आजाद प्रत्याशी मधु और 22 वार्डों के आजाद या उक्त पार्टी से खडे़ पार्षद प्रत्याशियों को समर्थन करेंगे। सांप्रदायिकता ताकतों को कमजोर करने के लिए ऐसा किया जा रहा है, क्योंकि भाजपा व कांग्रेस दोनों ही सांप्रदायिक पार्टियां हैं। बसपा के वरिष्ठ नेता नरेश सारन ने कहा कि दोनों ही पार्टियों ने यमुनानगर की जनता को ठगा है। दोनों ही सांप्रदायिक ताकतों को बढ़ावा देती है। ऐसे में हम बुनियादी चुनाव लड़ेंगे और हमारा मेयर प्रत्याशी और पार्षद भी जीतेंगे।