संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। आईटीआई की दाखिला प्रक्रिया का चौथा ऑनलाइन चरण शुरू हो गया है। वीरवार को चौथे ऑनलाइन चरण का दूसरा व संशोधन करने का अंतिम दिन रहा। ऑनलाइन चौथे चरण के लिए विद्यार्थियों को चार अगस्त को वरीयता सूची जारी कर सीट आवंटित की जाएंगी। वहीं 8 अगस्त तक दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
नोडल आईटीआई में अंतिम दिन करीब 45 विद्यार्थियों ने अपने आवेदन में चौथे चरण की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए संशोधन करवाया। बारिश का मौसम होने के कारण विद्यार्थियों की अपेक्षाकृत संख्या कम रही। नोडल आईटीआई की 570 सीटें अभी भी रिक्त हैं।
ऑनलाइन चौथे चरण के लिए चरण में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के पास नौ अगस्त तक फीस जमा करवाने का समय रहेगा। चौथे चरण के बाद जो सीटें रिक्त रह जाएंगी, उसके लिए ओपन काउंसलिंग की जाएगी। ओपन काउंसलिंग का अभी शेड्यूल जारी नहीं किया है। चौथे चरण के अंतिम दिनों में इसका शेड्यूल जारी किया जाएगा।
नोडल आईटीआई में सबसे ज्यादा ट्रेड और यूनिट संचालित की जा रही हैं। नोडल आईटीआई में 32 ट्रेड की 83 यूनिट संचालित हैं, जिसमें कुल 1348 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें से 778 पर दाखिले हो चुके हैं और 570 सीटें अभी रिक्त हैं। नोडल आईटीआई की प्रमुख ट्रेड में अभी कुछ सीटों पर ही दाखिले हुए हैं।
इन ट्रेड में खाली हैं सीटें
नोडल आईटीआई में कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क मेंटेनेंस की 48 में से 35 सीटें भर गई हैं और 13 खाली हैं। इलेक्ट्रॉनिक मशीन की 48 में से 36 सीटों पर दाखिले हुए हैं और 12 खाली हैं। फिटर की कुल 40 में से 32 पर दाखिले हो गए हैं और 08 सीट खाली हैं। रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडिशनिंग टेक्नीशियन की 48 में से 37 सीटों भर गईं और 11 सीट रिक्त हैं। इलेक्ट्रिशियन की 40 में से 35 पर दाखिले के बाद पांच सीट खाली हैं। स्टेनोग्राफर की 48 में से 39 सीट भर गई हैं और 09 खाली हैं। मशीनिस्ट की 60 में से 42 पर ही दाखिले हुए हैं और 18 रिक्त हैं। वेल्डर की 120 में से 85 सीटें भर गई हैं और पोर्टल पर 35 सीट रिक्त हैं। कोपा की 96 में से 81 सीटें भर गई हैं और 15 खाली हैं।
आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया का चौथा चरण चल रहा है। जिसकी चार अगस्त को वरीयता सूची जारी की जाएगी। आठ अगस्त तक दस्तावेजों की जांच होगी। विद्यार्थी नौ अगस्त तक फीस जमा करवा सकेंगे। इसके बाद ओपन काउंसलिंग शुरू की जाएगी। - दीपेश महेंद्रू, प्राचार्य नोडल आईटीआई।