जठलाना। क्षेत्र के एक गांव में 19 वर्षीय युवक से कुकर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि व्यक्ति ने युवक को अपने पोल्ट्री फार्म पर बुलाया। इसके बाद उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसके साथ कुकर्म किया। यही नहीं आरोपी ने उसकी वीडियो भी बना लिया। किसी को बताने पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। जब परिवार को इस बारे में पता चला तो उनके विरोध पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए जातिसूचक शब्द कहे। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपी संजीव के खिलाफ नशीला पदार्थ पिलाकर कुकर्म करने, जान से मारने की धमकी देने व एससी एसटी एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।
19 वर्षीय युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके गांव के संजीव कुमार ने गांव में ही एक पोल्ट्री फार्म बनाया हुआ है। पांच मार्च को संजीव ने उसे अपने पोल्ट्री फार्म पर बुलाया। वहां उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई। कोल्ड ड्रिंक पीते ही उसे नशा हो गया। उसके बाद आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया और वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 15 मार्च को आरोपी ने दोबारा अपनी कार में उसके साथ गलत काम किया। उसे धमकाया गया कि अगर यह बात किसी को बताई, तो वह सोशल मीडिया पर उसकी वीडियो वायरल कर देगा। उसने तंग होकर जब अपने माता-पिता को पूरी बात बताई तो उसके माता-पिता ने आरोपी से इस संबंध में बात। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उन्हें जातिसूचक शब्द बोले और धमकाते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पांच साल के बच्चे से किया कुकर्म
यमुनानगर। छप्पर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक बहला फुसलाकर पांच साल के बच्चे को अपने साथ ले गया। पुलिस ने आरोपी युवक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पांच साल का बेटा बुधवार दोपहर को घर के बाहर खेल रहा था। आरोप है कि इस दौरान गांव का ही अनिल कुमार उसके बेटे को बहला फुसलाकर अपने साथ सुनसान स्थान पर ले गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी युवक ने उसके बेटे के साथ गलत काम किया। कुछ देर बाद रोते हुए उसका बेटा घर पहुंचा। जब उन्होंने बेटे से इस बारे में पूछा तो उसने आपबीती बताई। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। छप्पर थाना पुलिस ने मामले में आरोपी युवक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।