हरियाणा के यमुनानगर में विजिलेंस की टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक रजनीकांत को गिरफ्तार किया है। निरीक्षक पर आरोप है कि वह कॉन्फेड विभाग में पीडीएस स्कीम के तहत डिपो पर राशन भिजवाने का ठेका लेने वाली सुरेश एंड कंपनी के बिल पास करने की एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था।
ठेकेदार प्रवीण कुमार ने इस संबंध में विजिलेंस को आरोपी से हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग और शिकायत दी थी। जिसके बाद पुलिस ने निरीक्षक पर केस दर्ज कर काबू किया गया। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
विजिलेंस निरीक्षक मनदीप सिंह ने बताया कि आठ अप्रैल को पानीपत के गांव नौल्था निवासी प्रवीण कुमार ने आरोपी निरीक्षक रजनीकांत के खिलाफ शिकायत दी थी। इस दौरान उसने आरोपी के साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सौंपी। जिसमें आरोपी 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत में प्रवीण कुमार ने बताया था कि उसकी सुरेश कुमार एंड कंपनी के नाम से फर्म है। यह फर्म ट्रांसपोर्ट से संबंधित सरकारी ठेके लेती है।
फर्म ने वर्ष 2021-22 का कॉन्फेड विभाग में पीडीएस स्कीम के तहत डिपो पर राशन भिजवाने का ठेका लिया हुआ है। कंपनी के बिल पास करने के लिए हर माह वह खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक रजनीकांत को 10 हजार रुपये की रिश्वत देता था। मार्च माह का सात लाख 29 हजार रुपये का बिल पेंडिंग पड़ा हुआ था।
इसे पास कराने के नाम पर रजनीकांत 20 हजार की मांग कर रहा था। आरोपी के रिश्वत मांगने की बातचीत की फोन कॉल उसने रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद उसने मामले की शिकायत स्टेट विजिलेंस पंचकूला को दी गई थी। इस शिकायत पर विजिलेंस पंचकूला ने आरोपी निरीक्षक रजनीकांत के खिलाफ मामला दर्ज किया। विजिलेंस पंचकूला से निर्देश मिलने के बाद स्थानीय विजिलेंस की टीम ने आरोपी रजनीकांत को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता ने आठ अप्रैल को शिकायत दी थी। उसने आरोपी के साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग पेश की थी। इसमें आरोपी रिश्वत की मांग कर रहा था। बयानों व रिकॉर्डिंग के आधार पर उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया गया। शिकायतकर्ता से जो रिकॉर्डिंग मिली है। उसको भी वॉयस जांच के लिए भेजा जाएगा। -मनदीप सिंह, निरीक्षक, विजिलेंस