यमुनानगर। जगाधरी वर्कशॉप रोड पर कमानी चौक के नजदीक कार की टक्कर लगने से घायल हुए व्यक्ति की पीजीआई में 12 दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल मृतक के पोते को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। मामले में आरोपी कार चालक पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विकास नगर कॉलोनी निवासी कुनाल ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लोहे की ट्रेडिंग का काम करता है। नौ फरवरी को उसके पिता चमन लाल व उसका बेटा सार्थक एक्टिवा पर सवार होकर अपने गोदाम औद्योगिक क्षेत्र में जा रहा था। जब उसके पिता व बेटा जगाधरी वर्कशॉप रोड पर कमानी चौक के नजदीक पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसके पिता व बेटा सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
वहीं, टक्कर मारने के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने उसके पिता व बेटे को निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसके बेटे को उपचार दिया गया, जबकि पिता की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।