प्रोफेसर कॉलोनी निवासी योगेश कुमार ने बुड़िया निवासी शरद जैन व उसके बेटे पारस जैन पर रेस्तरां खोलने के नाम पर उनसे 29 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। योगेश का कहना है कि उसने आरोपियों से रुपये मांगे तो उन्होंने उसे दो बार चेक दिया। दोनों बार चेक बाउंस हो गया। इस मामले में अदालत के आदेश पर सेक्टर 17 थाना पुलिस ने आरोपी पिता पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रोफेसर कॉलोनी निवासी योगेश कुमार ने सेक्टर 17 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुड़िया निवासी शरद जैन और उसके बेटे पारस जैन उसके परिचित थे। साल 2019 में दोनों पिता पुत्र ने उससे रेस्तरां खोलने के लिए 29 लाख रुपये की मांग की थी। आरोपियों ने तीन चार माह में यह रुपये लौटाने का आश्वासन दिया था। आरोपियों पर विश्वास करके उसने विभिन्न तारीखों में आरोपी पिता पुत्र को 29 लाख रुपये की नकदी दे दी। लेकिन चार माह बीतने पर आरोपियों ने उसके रुपये नहीं लौटाए। 10 नवंबर 2019 को रुपये देने के लिए आरोपियों ने कुछ समय और मांगा। इसके बाद जब उसने 10 फरवरी 2020 को फिर से आरोपी से अपने रुपये मांगे तो आरोपियों ने लॉकडाउन होने के कारण व्यवसाय में घाटा होने की बात कही और कुछ समय और मांगा। इस तरह करते हुए आरोपियों ने काफी समय तक उसके रुपये नहीं दिए। काफी समय बीतने पर जब उसने आरोपियों पर अपने रुपये देने का दबाव बनाया तो 20 दिसंबर 2021 को आरोपियों ने उसे 29 लाख रुपये का एक चेक दिया। जब उसने बैंक में चेक लगाया तो वह बाउंस हो गया। जब उसने इस संबंध में आरोपियों से बातचीत की तो उन्होंने दोबारा रुपये देने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने बीती सात मार्च को उसे फिर 25 लाख रुपये का चेक दिया। लेकिन जब उसने इस बैंक में लगाया तो यह भी बाउंस हो गया। इसके बाद उसने मामले में अदालत में याचिका दायर की। अदालत के आदेश पर सेक्टर 17 थाना पुलिस ने दोनों आरोपी पिता पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई जसवंत सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।