यमुनानगर। शहर में गलत लेन में गाड़ी पार्क करने, बिना हेलमेट, वाहन चलाते समय मोबाइल के प्रयोग पर अब राहगीर भी चालान करवा सकेंगे। पुलिस अधीक्षक राजीव देसवाल ने सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात इंचार्ज को दिशा निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 8818000133 नंबर जारी किया।
सड़क सुरक्षा को लेकर एसपी ने चालान और जागरूकता को लेकर ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर जानकारी दी। यातायात इंचार्ज कुशलपाल राणा ने बताया कि लोग बाजार में सामान की खरीदारी करने आते हैं और अपने वाहनों को आड़े तिरछा खड़ा कर देते हैं, जिससे दूसरे वाहन चालकों व राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं को देखते हुए एसपी राजीव देसवाल दिशा निर्देश देकर यातायात पुलिस को हेल्पलाइन नंबर 8818000133 जारी किया है।
इस नंबर पर आमजन भी मोबाइल के जीपीएस कैमरे से फोटो खींच कर वाहन का चालान करवा सकेगा। इससे फायदा यह होगा कि वाहन चालक सतर्क होंगे और राहगीरों को भी दिक्कत नहीं होगी। कुशलपाल ने बताया कि जो भी इस समस्या से जूझ रहा है उसको अपने मोबाइल में जीपीएस कैमरा डाउनलोड करना पड़ेगा। कहीं भी कोई गलत पार्किंग व यातायात के नियमों का उल्लंघन करता हुआ मिलता है तो जीपीएस कैमरे से फोटो उक्त नंबर पर डालना होगा।
उस वाहन का चालान ऑनलाइन उसके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर चला जाएगा और चालान के साथ साथ नंबर पर लिंक भी आएगा, जिससे वाहन का मालिक ऑनलाइन व कार्यालय में आकर चालान जमा करवा सकेगा। संवाद