संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अभिषेक उर्फ रिशु की हत्या से जहां परिवार सदमे में है, वहीं ताऊ शिव कुमार को भी रिशु की मौत का बहुत अधिक मलाल है, चूंकि उन्होंने बड़े चाव के साथ रिशु को अपनी बेटी की शादी में बुलाया था और जिम्मेदारियां भी सौंपी। वहीं रिशु ने चचेरी बहन की शादी के लिए मिली सभी जिम्मेदारियों को बखूबी से निभाया भी। लेकिन बेटी की डोली जाने के बाद रिशु अचानक उनके बीच से हमेशा के लिए इस तरह चला जाएगा, यह याद कर ताऊ शिव कुमार बार-बार रोने लग जाते हैं।
वे बार-बार खुद को इस बात से भी कोस कर रहे, आखिर क्यों उन्होंने अपने भतीजे अभिषेक को अपनी बेटी की शादी में बुलाया था। अगर रिशु और उसकी पत्नी निशा बेटी की शादी में नहीं आते शायद ये घटना नहीं होती। लेकिन होनी को कौन टाल सकता है यह कहकर खुद को दिलासा तो दे देते हैं, लेकिन अभिषेक के तीन माह के मासूम बेटे चारविक की तरफ देख फिर से उनकी आंखें भर आती हैं।
अभिषेक उर्फ रिशु की हत्या के बाद पूरा परिवार सदमे में तो ही, वहीं वे डर के साय में जी रहे हैं। ताऊ शिव कुमार ने बताया कि उन्हें डर हत्यारोपी कहीं उन्हें भी नुकसान न पहुंचा दें। शिव कुमार का कहना है पहले सभी शांति कॉलोनी में रहते थे, अब हनुमान कॉलोनी में उन्हें और अभिषेक के परिवार को 11 साल हो चुके हैं। अभिषेक ने अगस्त 2023 में निशा से कोर्ट मैरिज कर ली थी उसके बाद से रिशु अब जीरकपुर किराये के कमरे में रहा था।
यहां वह किसी फाइनेंसर पर काम करता था। रिशु और निशा ने मॉडल टाउन के एक प्राइवेट स्कूल में 12वीं की थी। उसके बाद निशा ने बीए की। दोनों एक दूसरे को काफी अच्छे से जानते थे। शादी के बाद दोनों पिछले साल दिवाली पर भी हनुमान कॉलोनी अपने घर पर आए थे। उधर रिशु की बहन का कहना है जिन हत्यारोपियों ने उसके भाई अभिषेक उर्फ रिशु को मारा है उन्हें फांसी की सजा होनी चाहिए।
पांचों हत्यारोपी दो दिन के रिमांड पर
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रेम विवाह करने वाले हनुमान कालोनी निवासी 24 वर्षीय अभिषेक उर्फ रिशु की चाकूओं से गोदकर हत्या करने के आरोपी गधौली कालोनी निवासी चन्ना सिंह उर्फ चीनू गुर्जर, सचिन उर्फ अनुपम व उनके साथियों आर्यन, राहुल व अभिषेक सौंधी को शहर पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। वहां पांचों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
अभी तक की पूछताछ में सामने आया है कि अभिषेक व निशा के प्रेम विवाह के बाद से ही निशा का भाई चन्ना व सचिन उससे रंजिश रखे हुए थे। तभी से वह उसके खून से प्यासे थे। अब मौका मिलने पर वारदात को अंजाम दिया। निशा परिवार में बड़ी बेटी है। उसकी एक छोटी बहन है। दो छोटे भाई चन्ना सिंह व सचिन हैं। वारदात में दोनों भाई साथ थे। वहीं उनके साथ वारदात में शामिल राहुल उर्फ टिंकू व आर्यन भी आपस में भाई हैं। शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि पांचों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है। पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में उनसे हथियार बरामद किए जाएंगे।