हनुमान चालीसा पढ़ते हुए
- फोटो : अमर उजाला
नूंह में उपद्रव की आग की पलटें भिवानी में भी असर डाल रही हैं। उपद्रव में भिवानी के आठ से दस लोग घायल हुए हैं वहीं इस मामले को लेकर बुधवार को हिंदू संगठनों के लोगों ने शहर में प्रदर्शन किया। हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने हांसी गेट पर जाम लगा दिया। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस भी मौजूद रही वहीं हिंदू संगठनों का ज्ञापन लेने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ मयंक गुप्ता पहुंचे।
हांसी गेट पर लगाया जाम, समर्थन में बाजार बंद
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने उपद्रव करने वालों और वाहनों में तोड़फोड़ आगजनी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की वहीं धार्मिक यात्रा में व्यवधान डाले जाने की घटनाएं फिर न हों, इसके लिए भी पुख्ता प्रबंध किए जाने की मांग उठाई। हिंदू संगठनों के समर्थन में हांसी गेट चौक का बाजार बंद हो गया। दुकानदारों ने बाजार बंद कर प्रदर्शन का समर्थन किया।
मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, हिंदू संगठनों से लिया ज्ञापन
वहीं पुलिस प्रशासन ने भी चारों तरफ से घेराबंदी कर दी और किसी भी तरह की कोई हिंसा न हो इसके लिए पुलिस अलर्ट रही। गौरतलब होगा कि भिवानी में मस्जिद और मदरसों की सुरक्षा पहले ही बढ़ाई जा चुकी है। पुलिस ने मस्जिदों में चार-एक के अनुपात में पुलिस तैनात की है। वहीं हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों से बैठक कर इस मामले में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की जा चुकी है। संवाद