जगाधरी। राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने हरियाणा धाक बना दी। राजस्थान के बाड़मेर में हुई पांच दिवसीय 69वीं स्कूल नेशनल गेम्स में हरियाणा की टीम ने रजत पदक प्राप्त किया है। हरियाणा टीम ने देश भर में दूसरा स्थान पाया है। इस टीम में यमुनानगर से खिलाड़ी अर्पित सिंह का चयन किया गया था। टीम के शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है।
राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिता में सभी राज्यों की टीमों ने भाग लिया था। पूल स्तर पर हरियाणा की टीम ने देश की कई बड़ी टीमों को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई। अर्पित ने बताया कि दो से छह जनवरी तक यह प्रतियोगिता बाड़मेर में करवाई गई थी। इसमें उनका पहला मैच आईबीएसओ टीम से मैच हुआ। बेहद रोमांचक मैच में उन्होंने जीत हासिल की। इसके बाद दूसरा मैच चंडीगढ़ की टीम से हुआ। चंडीगढ़ को हराकर हरियाणा की टीम अगले चरण में पहुंची। तीसरे मैच में उनकी टक्कर छत्तीसगढ़ की टीम से हुई। इसमें उन्होंने छत्तीसगढ़ को 3-0 से हराया। छत्तीसगढ़ को हराकर उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में पश्चिम बंगाल की टीम से भिडंत हुई। इसमें भी उन्होंने शानदार जीत हासिल की और सेमीफाइनल में पहुंचे। सेमीफाइनल में दिल्ली की टीम से मैच हुआ। इसमें भी शानदार प्रदर्शन किया और दिल्ली को हराकर फाइनल में जगह बना ली।
फाइनल मैच में हरियाणा का सामना पड़ोसी राज्य राजस्थान से हुआ। इसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिता में हरियाणा टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। अर्पित ने बताया कि उन्हें रजत पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
अर्पित के कोच डॉ. गोपाल सिंह ने कहा कि इस उपलब्धि से खिलाड़ियों में भारी उत्साह है। इससे दूसरे खिलाड़ी भी प्रेरित होंगे और खेलों में आगे बढ़ेंगे। अर्पित ने रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। डॉ. गोपाल सिंह ने कहा कि यमुनानगर पहुंचने पर अर्पित का जोरदार स्वागत किया जाएगा। संवाद