संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। बालवाटिका में बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाने व अक्षर ज्ञान देने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए प्राथमिक शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय कार्यशाला राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुरानी सब्जी में लगाई जा रही है। इस कार्यशाला में 90 शिक्षकों के साथ मेंटर भाग ले रहे हैं।
कार्यशाला का शुभारंभ जगाधरी खंड शिक्षा अधिकारी केएस संधावा व बीआरसी सुनीता गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी बालवाटिका में छोटे बच्चों को खेल-खेल में अक्षरज्ञान देना और स्कूल जाने व कक्षा में बैठने की आदतों का विकास करना है। इस दौरान बीईओ संधावा ने कहा कि बालवाटिका प्रशिक्षण में शिक्षक खेल खेल में बच्चों को पढ़ाने के तरीके सीखेंगे।
यह प्रशिक्षण कार्यशाला निपुण भारत के अंतर्गत निपुण हरियाणा कार्यक्रम के तहत लगाई गई है। प्रशिक्षण में विषय वस्तु को अधिक फलदायी बनाना व आसान तरीकों से बच्चों को सीखने के तरीके बताएं जाएंगे। बाल वाटिका कार्यक्रम कक्षा एक से पूर्व के बच्चों को औपचारिक रूप से विद्यालय आने की तैयारी के लिए है। कार्यक्रम में छोटे बच्चे खेल-खेल और विभिन्न गतिविधियों से सीखेंगे।
इससे उनमें दूसरों के बीच बैठने व घुलने मिलने की प्रवृत्ति बढ़ेगी। इसमें बच्चों के पंचकोष से उनका सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने बताया कि अभी कक्षा एक से तीन तक के बच्चों के लिए आधारभूत साक्षरता और संख्या ज्ञान में निपुणता के लिए कार्यक्रम चलाया जा रहा था। प्रदेश में कक्षा चार व पांच के लिए भी कार्यक्रम किए जा चुके हैं।
बीआरसी सुनीता गुप्ता ने कहा कि इसका उद्देश्य प्रतिदिन आने वाले नए करिकुलम से शिक्षकों को अवगत करवाना है, ताकि वे वर्तमान में स्वयं को अपडेटे रख सकें। विद्यार्थियों को नई जानकारी नवाचार के माध्यम से दी जाएगी।