संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दो माह पहले फरीदपुर गांव में हुई जसबीर की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त को कोर्ट में पेश कर चार दिन की कस्टडी रिमांड पर लिया गया है। अब तक पुलिस इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
फरीदपुर गांव निवासी नेहा ने छप्पर थाने में केस दर्ज कराया था। उनका कहना था कि गांव के ही राजबीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके जेठ जसबीर के साथ मारपीट की थी। परिजनों ने घायल जसबीर को अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां पर दोबारा फिर से दूसरे पक्ष के बलराम, बाला राम, राजवीर, कमलजीत, रिया, रितु, साहिल, आजादनगर निवासी अर्जुन, गांव तिगरा निवासी शुभम, यमुनानगर निवासी हिमांशु व सागर आदि पांच कारों में पहुंचे।
अस्पताल में उन्होंने जसबीर पर धारदार हथियारों से हमला कर अधमरा कर दिया। हमला करने के बाद सभी फरार हो गए थे। पुलिस ने जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। 19 अक्तूबर को जसबीर की मौत हो गई थी। पुलिस ने मुकदमें में हत्या की धारा की वृद्धि की थी।
एसपी ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए सीआईए-1 की टीम को लगाया था। सीआईए-1 प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी फरीदपुर निवासी राजबीर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।आरोपी को चार दिन की न्यायिक हिरासत में लिया गया है। इससे पहले मुकदमे में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।