संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चोरों ने गोविंदपुरी में घर व मीट मार्केट में करियाना की दुकान का ताला तोड़कर नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
उत्तर प्रदेश के गांव लतीफपुर निवासी रवि ने बताया कि वह कन्हैया साहिब चौक के पास गोविंदपुरी में किराये के मकान में रहता है। वह जेसीबी चलाने का कार्य करता है। उसके पास ही हेल्पर आशीष भी रहता है। शनिवार को काम से लौटते हुए उसने मालिक से घर भेजने के लिए 25 हजार रुपये लिए थे। रात को खाना खाकर वह और हेल्पर आशीष कमरे पर सो गए थे। सुबह जब वह उठे तो उसका मोबाइल गायब मिला। जांच करने पर बैग में रखे 25 हजार रुपये भी गायब थे। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर, कांसापुर निवासी रीटा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मीट मार्केट में करियाना की दुकान है। शाम को वह दुकान का ताला लगाकर घर चली गई थी। सुबह जब वह दुकान पर पहुंची तो ताले टूटे हुए मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर दुकान से 7500 रुपये की नकदी, दो रिफाइंड व सरसों के तेल की पेटी तथा अन्य सामान गायब मिला। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।