साढौरा। राजपुर गांव के पास नईम अली की गन्ना चरखी में सोमवार देर रात को शार्ट सर्किट से आग लग गई। फायर ब्रिगेड की ओर से तीन घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक वहां ट्रंक में रखी छह लाख की नकदी के अलावा अन्य सामान नष्ट हो चुका था। नईम ने इस बारे में पुलिस को शिकायत की है।
जिला हरिद्वार के हजारा गांव के रहने वाले नईम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हर वर्ष अपने पिता सलीम के साथ गन्ने के सीजन में अक्तूबर से मई तक गांव राजपुर में गन्ने की चरखी लगाता है। सोमवार की रात को चरखी बंद करके खाना खाने के बाद सो गए थे। रात साढ़े 10 बजे अचानक चरखी में शार्ट-सर्किट के कारण आग लग गई।
देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में भीषण आग में तबदील हो गई। अपने तौर पर आग पर काबू पाने का प्रयास करने के अलावा फायर ब्रिगेड व डायल 112 पुलिस को सूचित किया। कुछ ही देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत से तीन घंटे के बाद आग पर काबू पाया। इस भीषण आग से ट्रंक में रखी छह लाख की नकदी जलगई। इसके अलावा एक इन्वर्टर-बैटरी, दो मोबाइल, 25 क्विंटल गत्ते की पेटी, 20 कट्टे चीनी, चरखी के पट्टे व मोटर, खाने का राशन, कपड़े व अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।