संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की किल्लत से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई क्षेत्रों में गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल रहा, जिससे उन्हें बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं। हालात यह हैं कि सुबह से एजेंसी पर पहुंचने वाले कई लोग खाली हाथ लौट रहे हैं।
ससौली रोड स्थित सरस्वती गैस एजेंसी पर मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग गैस सिलिंडर लेने पहुंचे, लेकिन अधिकांश को निराशा ही हाथ लगी। लोगों का कहना है कि उन्होंने 10 दिन पहले सिलिंडर बुक कराया था, इसके बावजूद अभी तक डिलीवरी नहीं हुई है। इससे घरों में चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
उपभोक्ता शमशाद ने बताया कि उसने एक सप्ताह पहले ही बुकिंग के बाद पर्ची कटवा ली थी, लेकिन आज तक सिलिंडर नहीं मिला। वह पिछले चार दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं। उनका आरोप है कि रोजाना गैस की गाड़ी आने के बावजूद उन्हें टाल दिया जाता है और हर बार अगले दिन आने को कहा जाता है। सिलिंडर के लिए रोजाना काम छोड़ना पड़ रहा है।
वहीं, ससौली निवासी सतिंद्र पाल सिंह ने एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि वह गैस बुक कराने के लिए एजेंसी पहुंचे थे। इसके लिए एजेंसी में बैठे कर्मचारी को कॉपी दी थी। वहीं खड़े-खड़े मोबाइल पर डिलीवरी का संदेश आ गया, जबकि उन्हें सिलिंडर मिला ही नहीं। उन्होंने इसे बड़े स्तर पर धांधली बताते हुए एजेंसी कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका जताई। इ
सी तरह साढौरा क्षेत्र में भी स्थिति खराब बनी हुई है। यहां कई दिनों से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। सोमवार को लोगों को यह कहकर लौटा दिया गया कि गैस की गाड़ी नहीं आई है। मंगलवार सुबह लोग दोबारा एजेंसी पहुंचे तो वहां लंबी कतारें लगी हुई थीं। घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को गैस नहीं मिल सकी।
दूसरी ओर विभागीय अधिकारी गैस की कमी से इन्कार कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिले में मंगलवार को 8860 घरेलू गैस सिलिंडरों का स्टॉक उपलब्ध था और सप्लाई भी नियमित रूप से की जा रही है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी अधिकारियों के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए और जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाए।