शहर की एक कॉलोनी में नौ माह पहले किशोरी ने सुसाइड किया था। अब उसकी मां ने किशोरी को योगा सिखाने वाली टीचर व एक युवक पर उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाने और वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल कर दूसरे युवकों से शारीरिक संबंध बनवाने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि ऐसा कर आरोपी रुपये कमाते थे। जब उसकी बेटी विरोध जताती थी तो आरोपी उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी देते थे। इसी से आहत होकर उसकी बेटी ने नौ माह पहले सुसाइड कर लिया। पहले पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्ज नहीं किया। मगर अब जब महिला ने इसकी शिकायत सीएम विंडो पर डाली तो पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने व पोक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
एक कालोनी निवासी महिला ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी सबसे छोटी 17 वर्षीय बेटी नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। उसकी बेटी मॉडल टाउन निवासी ज्योती के पास योगा की क्लास लगाने जाती थी। आरोपी ज्योती केवल लड़कियों को ही योगा सिखाती थी। आरोप है कि इस दौरान ज्योति व जतिन नाम के युवक ने उसकी बेटी की आपत्तिजनक वीडियो व फोटो बना ली। इसके बाद आरोपी जतिन उसकी बेटी का पीछा करने लगा। जिससे वह परेशान रहने लगी। आरोप है कि आरोपी ज्योति उसे फोन कर उसकी बेटी से बात करती थी और देर सवेर उसे अपने बुलाती थी। जब भी आरोपी उसकी बेटी घर बुलाती थी तो उसकी बेटी घबरा जाती थी और रोने लगती थी। उसके पूछने पर वह सहमी रहती थी। उसे कुछ नहीं बताती थी।
महिला का आरोप है कि लॉकडाउन के दौरान भी आरोपी ज्योति उसकी बेटी को बार-बार फोन करके घर आने का दबाव डालती थी। महिला का आरोप है कि उसकी बेटी की आपत्तिजनक फोटो व वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल कर आरोपी ज्योति व जतिन उसकी बेटी के अन्य लड़कों के साथ शारीरिक संबंध बनवाते थे। इसी काम से आरोपी ज्योति व जतिन रुपये कमाते थे। जब उसकी बेटी आरोपियों का विरोध जताती थी तो आरोपी उसकी वीडियो का वायरल करने की धमकी देते थे। इसी से आहत होकर उसकी बेटी ने बीती 9 जून 2020 को आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी।
महिला के अनुसार कुछ दिनों पहले आरोपियों द्वारा बनाई गई आपत्तिजनक वीडियो व फोटो उनके मकान मालिक के बेटे दमन के मोबाइल पर आई। दमन ने इस बारे में उसकी बड़ी बेटी को बताया। महिला का आरोप है कि आरोपी ज्योति व जतिन ने उसकी नाबालिग बेटी की आपत्तिजनक वीडियो व फोटो बनाकर उसे अन्य युवकों से संबंध बनाने को मजबूर किया। साथ ही उसे आत्महत्या करने को मजबूर किया। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में उसने इसकी शिकायत सीएम विंडो में दी। इसके बाद महिला थाना पुलिस ने मामले में आरोपी ज्योति, जतिन व दमन पर आईपीसी की धारा 120बी, 306, 506, 13 और 14 पोक्सो एक्ट में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई बलजीत कौर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।