संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दुबई भेजने के नाम पर चंदाखेड़ी निवासी शिवम दहिया से 2.70 लाख रुपये हड़प लिए गए। व्यासपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
चंदाखेड़ी गांव निवासी शिवम दहिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका दोस्त ताहरपुर निवासी विशु दुबई गया है। वह भी अपने दोस्त के पास दुबई जाना चाहता था। उसके दोस्त ने उसे बताया कि अगर वह दुबई आना चाहता है तो होशियारपुर के दौसाहा निवासी लक्ष्य शर्मा से बात कर ले। उसे भी लक्ष्य शर्मा ने ही दुबई भेजा था।
दोस्त ने उसे लक्ष्य शर्मा का मोबाइल नंबर दिया। जब उसने आरोपी लक्ष्य शर्मा के पास फोन किया तो आरोपी ने उसे मिलने के लिए मोहाली बुलाया। वह अपने पिता हरविंदर सिंह के साथ आरोपी से मिलने के लिए मोहाली चला गया। आरोपी ने उसे ढाई लाख रुपये में दुबई भेजने का आश्वासन दिया। आरोपी ने अलग-अलग करके उससे दो लाख 70 हजार रुपये ले लिए।
बाद में आरोपी ने गोल्डन पिलर्स इमिग्रेशन कंपनी जालंधर की कर्मी कंवलजीत कौर के साथ मिलकर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये की मांग की, मगर उसने उन्हें यह पैसे देने से मना कर दिया। आरोपी ने उसे कहा कि अगर वह यह पैसे नहीं देगा तो वह वीजा कैंसिल करवा देगा। इसके बाद आरोपी ने वीजा कैंसिल करवाने का मैसेज भेजा। इसके बाद उसने कंपनी को मैसेज कर वीजा कैंसिलेशन के बारे में पता किया तो बताया गया कि उन्होंने इस नाम से किसी को वीजा नहीं दिया है।