यमुनानगर। प्लाईबोर्ड खरीदने के नाम पर औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स दिल्ली वेनेर्स फर्म के संचालक राजेंद्र मित्तल के साथ 25.83 लाख रुपये की ठगी हो गई। मित्तल ने पठानकोर्ट स्थित मैसर्स गुरु नानक इंडस्ट्रीज के मालिक विपिन कुमार पर ठगी का आरोप लगाया है। मित्तल का आरोप है कि विपिन कुमार ने उसकी फर्म से लाखों रुपये का प्लाईबोर्ड व प्लाईवुड से बने उत्पाद खरीदे। इस दौरान आरोपी ने उससे खरीदे सामान के करीब 25 लाख 83 हजार रुपये नहीं दिए। मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में आरोपी विपिन कुमार पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
औद्योगिक क्षेत्र निवासी राजेंद्र मित्तल ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी औद्योगिक क्षेत्र में मैसर्स दिल्ली वेनेर्स के नाम से फर्म है। इसमें वह प्लाईबोर्ड व उससे जुड़े सामान का कारोबार करता है। साल 2018 में उसकी मुलाकात पंजाब के पठानकोट के गांव नपवाल निवासी विपिन कुमार से हुई। आरोपी ने उसे बताया कि उसकी पठानकोर्ट में मैसर्स गुरु नानक इंडस्ट्रीज के नाम से फर्म है। तब आरोपी ने उससे प्लाईवुड व उससे संबंधित उत्पाद खरीदने की बात कही। व्यवसायी होने के कारण वह आरोपी के साथ व्यापारिक संबंध बनाने के लिए सहमत हो गया। इसके बाद आरोपी ने उसके पास से प्लाईवुड व प्लाईबोर्ड से बने उत्पाद खरीदने शुरू कर दिए।
शुरू में आरोपी ने नकद राशि का भुगतान कर उससे माल खरीदा। लेकिन इसके बाद आरोपी ने कुछ माल के रुपये देकर बाकी रुपये बाद में देने की बात कहकर सामान मंगवाना शुरू कर दिया। इसका सारा रिकार्ड उन्होंने अपने बही खाते में लिखा। एक अप्रैल 2018 से 21 अक्तूबर 2021 तक आरोपी ने उनसे लाखों रुपये का माल खरीदा। लेकिन इस दौरान कुछ रुपयों का ही आरोपी ने भुगतान किया। जबकि 2583069 रुपये अब तक बकाया है। जब उन्होंने आरोपी से अपनी बकाया राशि की मांग की तो आरोपी ने विभिन्न तारीखों में उनके नाम कुछ चेक जारी किए। जब उन्होंने यह चेक बैंक में लगाए तो आरोपी की फर्म में अपर्याप्त धनराशि होने के कारण ये अनादरित (बाउंस) हो गए। जब उसने आरोपी ने अपनी राशि का भुगतान नकद करने के लिए कहा तो आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर उसे टालता रहा।
करीब एक सप्ताह पहले जब उसने आरोपी से अपने रुपये मांगने के लिए फोन किया तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया और दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने अदालत में याचिका दायर की। शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि अदालत के आदेश पर आरोपी मैसर्स गुरु नानक इंडस्ट्रीज के मालिक विपिन कुमार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।