संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। चेक का दुरुपयोग कर भमनोली गांव निवासी कर्ण सिंह से चार लाख 75 हजार रुपये हड़प लिए गए। आरोप मलिकपुर बांगर निवासी परमजीत कौर व बिलासपुर निवासी राजेश खान पर लगा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
शिकायत में कर्ण सिंह ने बताया कि उसने परमजीत कौर से 90 वर्ग गज का प्लॉट 12 लाख रुपये में खरीदा था, मगर आरोपी परमजीत कौर ने समय पर उस प्लांट की रजिस्ट्री नहीं करवाई। इसके बाद उसने परमजीत कौर के खिलाफ अदालत में केस दायर कर दिया, फिर उसका परमजीत कौर के साथ राजीनामा हो गया। परमजीत ने प्लाट की रजिस्ट्री उनके नाम करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परमजीत ने उनके नाम प्लाट की रजिस्ट्री करवा दी।
उसने आरोपी परमजीत कौर को सात लाख 25 हजार रुपये नकद तथा चार लाख 75 हजार रुपये का एक चेक दे दिया। वह उसे चेक पर नाम लिखना भूल गया। इस दौरान आरोपी परमजीत कौर ने बिलासपुर निवासी राजेश खान के साथ मिलकर उसे चेक को क्लियर करवा लिया और उन पर यह चेक जबरदस्ती छीनने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में केस कर दिया। करण सिंह ने बताया कि आरोपी परमजीत कौर ने राजेश खान के साथ मिलकर इस चेक को कैश करवा लिया और यह पैसे हड़प लिए।