संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौतों का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को दो महिलाओं सहित चार लोगों का कोरोना गाइडलाइन के तहत अंतिम संस्कार किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने एक महिला की ही मौत बताई है। वहीं मंगलवार को जिले में कोरोना का अब तक के सबसे अधिक 220 संक्रमित मरीज मिले। जिले में अब तक 11,683 संक्रमित मिल चुके हैं। जिनमें से 10,470 मरीज स्वस्थ हुए है। कोविड-19 का रिकवरी रेट भी घटकर 89.61 प्रतिशत हो गया है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के 57 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। वहीं सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र की 39 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की मौत एक निजी अस्पताल में हुई। यमुनानगर के बिलासपुर निवासी 38 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। तीनों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के पास नहीं है, जबकि कोविड-19 गाइडलाइन के तहत तीनों शवों का अंतिम संस्कार कराया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने शांति कालोनी निवासी 50 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की मौत की बात मानी है। महिला की मौत अंबाला के एक निजी अस्पताल में हो गई। महिला का अंतिम संस्कार सरकारी गाइडलाइन के तहत किया गया।
जिले में 1021 हुए एक्टिव केस
सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने बताया कि जिले में 1021 एक्टिव केस हो गए है। वहीं 831 संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। इनमें से 51 एक्टिव केस दूसरे जिले व राज्यों के अस्पतालों में भर्ती है और 139 मरीजों को जिले के कोविड-19 अस्पतालों में भर्ती किया गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कोविड-19 टेस्टिंग टीम ने 621 सैंपल लिए। जिले में अभी तक कुल 2,63,455 सैंपल लिए जा चुके हैं। जिनमें से 2,47,639 की रिपोर्ट निगेटिव आई है और 2368 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
जिले के 88 क्षेत्र कंटेनमेंट जोन मुक्त
डीसी मुकुल कुमार ने बताया कि जिले में 88 क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन मुक्त घोषित कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में संक्रमित मरीजों के डिस्चार्ज होने के 14 दिन बाद तक कोई संक्रमित मरीज नहीं मिला है। डीसी ने लोगों से कोरोना को हराने के लिए गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा मास्क लगाने के साथ सामाजिक दूरी का ध्यान रखे और बार-बार हाथ धोते या सैनिटाइज करते रहें।