संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं के कला व विज्ञान संकाय के इतिहास और बॉयोलॉजी विषय की परीक्षा हुई। नकल रहित परीक्षा करवाने को लेकर सभी केंद्रों पर सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त रहा। केंद्रों के बाहर व अंदर पुलिस तैनात रही।
केंद्र कर्मचारी व परीक्षार्थियों के अलावा किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा के चलते इन दिनों स्कूलों में दस्तावेज सत्यापन व अन्य काम करवाने आने वाले लोगों को भी अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है।
परीक्षा अपने निर्धारित समय दोपहर साढ़े 12 बजे से साढ़े तीन बजे तक हुई। वहीं, परीक्षा के लिए विद्यार्थी समय से पहले केंद्र पर पहुंचे। इस दौरान उनके प्रवेश पत्र पर बने क्यूआर कोड की स्कैनिंग की गई और सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया गया। वहीं, परीक्षा के बाद विद्यार्थी चहकते हुए केंद्र से बाहर आए। दोनों विषयों के विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा बेहद शानदार रही। प्रश्नपत्र आसान थे, जिससे उनकी परीक्षा बेहतरीन रही।
दूसरी तरफ नकल व पेपर आउट जैसी घटनाओं को रोकने के लिए बोर्ड व प्रशासन की ओर से सख्त नियम बनाए गए हैं। परीक्षा के बीच केंद्रों पर उड़नदस्तों का आना जाना लगा रहा। परीक्षा के दौरान डीसी, एसडीएम, डीईओ और बोर्ड उड़नदस्ते के साथ पुलिस के आला अधिकारियों ने भी केंद्रों का निरीक्षण किया।
इसके अलावा केंद्रों के आसपास धारा 163 जारी रही। केंद्र पर तैनात पुलिस कर्मियों के अलावा राइडर व पीसीआर की गश्त भी जारी रही। सोमवार को एसडीएम सोनू राम के साथ डीएसपी राजीव मिगलानी, प्राचार्य मोहम्मद सलीम, पीजीटी इशिका ने चार केंद्रों का निरीक्षण किया।
टीम ने सबसे पहले साबापुर स्थित स्कूल के केंद्र का निरीक्षण किया। इसके डीएवी सीनियर सेकेंडरी के दो और डीएवी गर्ल्स स्कूल के केंद्रों का निरीक्षण किया। बोर्ड परीक्षा के नोडल एवं उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। किसी केंद्र पर नकल व उपद्रव का कोई मामला सामने नहीं आया।