रादौर। ग्राम पंचायत धानुपुरा की सरपंच पिंकी देवी को कथित तौर पर जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट व वीडियो डालने के आरोप में रादौर थाना पुलिस ने एक महिला यूट्यूबर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सरपंच ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 अगस्त को उनके पति घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान महिला यूट्यूबर स्कूटी से वहां से गुजरी और कथित तौर पर उनके पति के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद यूट्यूबर ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो और पोस्ट अपलोड किए। शिकायत के अनुसार इन पोस्ट में सरपंच, उनके पति और गांव को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। सरपंच ने जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और डॉ. भीमराव आंबेडकर के संबंध में भी आपत्तिजनक बातें कहे जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट हटवाने की मांग की। थाना रादौर प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश राणा ने बताया कि मामले की जांच डीएसपी सुनील कुमार कर रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। संवाद