संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हिमाचल प्रदेश के बद्दी से बिजनौर लौट रहे दंपती की बाइक को कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई और कार उसके ऊपर से गुजर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
बिजनौर के गांव सिजौली अकबरपुर निवासी मोहम्मद फियाज ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश के बद्दी में फास्ट फूड सप्लाई का काम करता है। वह बुधवार को अपनी पत्नी 33 वर्षीय शबनम खातून के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। जब वे औरंगाबाद रेस्ट एरिया से आगे सहारनपुर की ओर बने पुल के पास पहुंचे तो स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में शबनम सड़क पर गिर गई और कार उसके ऊपर से गुजर गई। राहगीरों की मदद से उसे जिला असपताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक कुछ देर के लिए रुका और फिर मौके से भाग गया।