संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट की बैठक स्थानीय अनाज मंडी में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र सरकार की ओर से अमेरिका के साथ किए गए कृषि समझौते का विरोध करने का निर्णय लिया गया। किसानों ने घोषणा की कि 27 फरवरी को जिला स्तर पर केंद्र सरकार व अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुतले फूंके जाएंगे।
जिला प्रधान संजू गुंदियाना ने बताया कि 27 फरवरी को जिले के किसान व्यासपुर स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एकत्रित होंगे। वहां से प्रदर्शन करते हुए शिव चौक पहुंचकर दोनों नेताओं के पुतलों का दहन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित कृषि समझौते से भारतीय किसानों को भारी नुकसान होगा।
उनका कहना था कि यदि अमेरिकी कंपनियों को भारत में व्यापार की छूट दी जाती है और भारतीय उत्पादों पर अमेरिका 18 प्रतिशत तक कर लगाता है, तो इससे देश के किसानों की प्रतिस्पर्धा क्षमता प्रभावित होगी। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह समझौता रद्द नहीं किया तो 23 मार्च को पिपली रैली आयोजित की जाएगी।
इस रैली में आगे की रणनीति तय की जाएगी और बड़ा आंदोलनात्मक निर्णय लिया जाएगा। बैठक में जिला उपाध्यक्ष गुरमेज कपूरी, जिला महासचिव गुरुवीर सिंह, सतिंद्र संधू, विक्रांत, राम सिंह, जत्थेदार लाभ सिंह, संजीव, हरविंदर सहित अन्य किसान मौजूद रहे।