संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मांगों के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने जिला सचिवालय पर मंगलवार को प्रदर्शन किया। नारेबाजी करने के साथ किसानों डीसी पार्थ गुप्ता के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ज्ञापन भेजा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किसान जगाधरी अनाज मंडी में एकत्रित हुए। किसान यहां से नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में जिला सचिवालय पहुंचे। यहां किसानों ने मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की जिला प्रधान सुभाष गुर्जर, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान जरनैल सिंह सांगवान, अखिल भारतीय किसान सभा अजय भवन के राज्य प्रधान गुरभजन सिंह मझैल व अखिल भारतीय किसान महासभा के अजय वीर संधू ने की। किसान नेता सुभाष गुर्जर ने मांग करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की ओर से 25 नवंबर 2024 को जारी की गई कृषि विपणन पर राष्ट्रीय नीति फ्रेमवर्क हरियाणा को विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर वापस किया जाए ।
इसके अलावा बिजली कानून, स्मार्ट मीटर योजना रद्द करने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश अनुसार सीटू प्लस 50 प्रतिशत पर खरीद की कानूनी गारंटी दी जाए। किसान आंदोलन में किसानों पर बनाए गए सभी मुकदमे खारिज करने, पराली के नाम पर दर्ज केस रद्द, रबी 2025 की गेहूं समेत अन्य फसलों पर किसानों को बोनस दी जाए। सूखा राहत कोष के जिन किसानों को पैसे नहीं मिले उनके पैसे जल्दी जारी किए जाएं।