सेंट्रल एसी चलने तक मुकंद लाल जिला सिविल अस्पताल में मरीजों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। अस्पताल में ओपीडी के सामने स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सिलिंग फैन लगवाए गए हैं। अब डॉक्टर के केबिन के बाहर मरीजों को गर्मी में अपने नंबर का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जो जगह रह गई है वहां भी अस्पताल प्रबंधन की तरफ से जल्द ही पंखे लगवाने की बात कही गई है।
जिला सिविल अस्पताल सेंट्रल एसी व ओपीडी रजिस्ट्रेशन और ओपीडी के सामने पंखे न होने का मामला अमर उजाला ने एक दिन पहले ही बुधवार को प्रकाशित किया था। जिसमें बिना पंखों के अस्पताल में मरीजों व उनके तिमारदारों को गर्मी से हो रही परेशानी को उजागर किया गया था। जिस पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने संज्ञान लिया और ओपीडी के सामने न केवल सिलिंग फैन लगवाए बल्कि बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था भी करवाई। हालांकि मरीजों व तिमारदारों को सबसे ज्यादा पंखे की जरूरत ओपीडी रजिस्ट्रेशन के सामने हैं, क्योंकि यहीं पर एक साथ सबसे ज्यादा भीड़ जुटती है। यहां पर्ची बनवाने के लिए सैकड़ों लोग सात से आठ लाइनों में लगते हैं। रजिस्ट्रेशन के सामने अस्पताल का निर्माण करने वाली एजेंसी ने फाल सिलिंग को इतना नीचे कर दिया है कि खड़े-खड़े इसमें कोई भी हाथ लगा सकता है। यदि इसमें सिलिंग फैन लगा दिए गए तो वह यहां आए मरीजों व लोगों को अपनी चपेट में लेंगे।
पीडब्ल्यूडी (इलेक्ट्रिक विंग) के एसडीओ सुखदेव शर्मा ने बताया कि सिविल अस्पताल में जहां ज्यादा जरूरी है वहां पंखे लगा दिए हैं। कुछ जगह लगाने बाकी हैं। ओपीडी रजिस्ट्रेशन के सामने फाल सिलिंग ज्यादा नीचे है इसलिए वहां छत पर पंखे नहीं लग सकते। सेंट्रल एसी जल्द से जल्द चलाने का प्रयास करेंगे।