छछरौली। रायपुर-डमोली गांव में वीरवार को स्कूल की मुख्य अध्यापिका के साथ कुछ लोगों द्वारा अपशब्द व स्कूल में गुंडागर्दी करने का मामले में अभी तक पुलिस केस दर्ज नहीं कर पाई है। जबकि मुख्य अध्यापिका ने शिकायत दे रखी है। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी मामले में कोई आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया गया है। उधर मुख्य अध्यापिका के समर्थन में आम आदमी पार्टी भी उतर आई है।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता आदर्श पाल सिंह ने कहा कि यह गुंडागर्दी सरासर गलत है। जो भी आरोपी है उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर होनी चाहिए।
शुक्रवार को रायपुर डमोली में एक व्यक्ति की गुंडागर्दी की वीडियो सामने आई थी। जिसमें एक व्यक्ति मुख्य अध्यापिका के साथ बदतमीजी और हाथापाई करते साफ नजर आ रहा है। स्कूल की मुख्य अध्यापिका ने बताया कि पंचायत विभाग से अधिकारी उनके स्कूल में निरीक्षण के लिए आए हुए थे। इस दौरान डमौली गांव का एक व्यक्ति अपने साथ रायपुर गांव के एक व्यक्ति को लेकर पहुंचा। आरोपी व्यक्ति ने उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली गलौज करने लगा। उन्होंने बताया कि व्यक्ति का बेटा गांव के ट्यूबवेल पर ऑपरेटर है। जिसको स्कूल में पानी की कमी के चलते मोटर चलाने के लिए कहा था। उसने भी उनके साथ बदतमीजी की। पंचायत विभाग के कार्य के लिए स्कूल में आए पंचायत सचिव के सामने भी उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। इस दौरान स्कूल भी लग रहा था। उन्होंने उसे बहुत रोकने की कोशिश की कि बच्चों के सामने ऐसी अभद्र भाषा का प्रयोग न करें। इसके बावजूद बीच-बचाव करने आए एक बच्ची के अभिभावक के साथ भी उन लोगों ने हाथापाई की।