जगाधरी। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। जल्द ही लोगों को स्टेशन पर स्वचालित सीढि़यों (एस्केलेटर) की सुविधा का लाभ मिलेगा। रेलवे की ओर से कंपनी को एस्केलेटर लगाने की अनुमति प्रदान कर दी गई है। जिसके बाद टेंडर कंपनी ने यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर एस्केलेटर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। उम्मीद है कि नए साल पर लोगों को इस आधुनिक सुविधा का लाभ मिलने लगेगा। जिसके बाद लोगों को सामान लेकर एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाना आसान हो जाएगा। यह काम अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत करवाया जा रहा है।
अमृत भारत स्टेशन योजना का अगस्त 2023 में प्रधानमंत्री ने उद्घाटन किया था। जिसके बाद से स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए कई कार्य चल रहे हैं। इस योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर विभिन्न कामों के लिए 22 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सवा साल में रेलवे स्टेशन के लगभग सभी काम पूरे कर लिए गए हैं मगर एस्केलेटर लगना शेष था। जिस पर अब काम शुरू कर दिया गया है। अनुमान है कि इसमें करीब एक महीने का समय लग सकता है।
पुराने आरक्षण केंद्र के पास लगेगा एस्केलेटर
रेलवे की ओर से एस्केलेटर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। यह एस्केलेटर माल गोदाम रोड की तरफ पुराने आरक्षण केंद्र के पास बने पैदल पुल के साथ लगाया जा रहा है। इस पर काम शुरू कर दिया गया है। यहां पर एस्केलेटर लगाने के लिए फाउंडेशन तैयार की जा रही है। इसके बाद प्लेटफार्म पर फाउंडेशन तैयार की जाएगी। जिसके बाद यहां स्वचालित सीढ़ी का ढांचा लगाया जाएगा। इस दौरान पैदल पुल भी चालू रहेगा, ताकि एस्केलेटर में खराबी आने पर यात्री पैदल पुल से आवागमन कर सके। यह एस्केलेटर बाहर से प्लेटफार्म नंबर दो व तीन पर उतारा जाएगा। यह लगने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। लोगों को सामान उठाकर सीढि़यां नहीं चढ़नी पड़ेगी। संवाद
वर्जन
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर विभिन्न कार्य किए गए हैं। इसके अंतर्गत स्टेशन पर एस्केलेटर भी लगाया जा रहा है। इसका काम शुरू हो गया है। जल्द ही लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल जाएगा।
- एनके झा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक।