संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। दो दिनाें से कस्बे में पांच से 11 घंटे के लिए बिजली गुल हो रही है। बिजली के इतने लंबे-लंबे कटों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। लगातार घंटों बिजली जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग बिजली के लिए कभी पावर हाउस में फोन करते हैं तो कभी लोगों को सूचना देने के लिए सोशल मीडिया पर बनाए गए ग्रुपों में मैसेज करते हैं। आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिल रहा।
बिजली कटों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सर्दी के मौसम में भी लोगों के घराें में लगे इनवर्टर चार्ज न होने से जवाब दे गए। कस्बा व्यासपुर में रविवार रात करीब साढ़े 12 बजे बिजली चली गई थी। सोमवार सुबह 11 बजे के बाद ही कस्बा में बिजली सप्लाई हो सकी।
करीब 10 हजार से अधिक की आबादी वाले कस्बा में रातभर ब्लैक आउट रहा। सभी जगह अंधेरा पसरा रहा और लोग परेशान रहे। इससे एक दिन पहले रविवार अल सुबह तीन बजे बिजली गुल हो गई थी, जो साढ़े नौ बजे के बाद ही आई। ऐसे में दो दिन से कस्बा में अंधेरा ही पसरा हुआ है।
कस्बा निवासी धर्मदास, आशु, रामजी लाल, विनोद ने बताया कि दो दिन से हजारों लोग परेशान हैं। सुबह के समय लोगों को अपने काम पर, कार्यालय में और बच्चों को स्कूल में जाना होता है। परंतु अंधेरा होने से सारे काम प्रभावित हो रहे हैं। सर्दी इतनी ज्यादा है कि बच्चों को ठंडे पानी में नहला नहीं सकते। बिना बिजली गीजर नहीं चल पाते।
बच्चों को नहलाने या फिर हाथ धोने के लिए भी गैस चूल्हे पर पानी गर्म करना पड़ रहा है, जिससे उनका गैस खर्च बढ़ गया है। बिना बिजली सुबह सात बजे तक घरों में अंधेरा रहता है
। इतना ही नहीं दो दिनों से सुबह के समय घरों में जनस्वास्थ्य विभाग के ट्यूबवेलों से ताजे पानी की सप्लाई भी नहीं हो रही। ट्यूबवेल सुबह पांच बजे से 10 बजे तक चलते हैं। इसी दौरान ही दो दिनाें से बिजली नहीं आ रही है।
सुबह के समय जो काम बिजली से हो पाते हैं वह नहीं हो रहे। इस बारे में अधिकारियों से पूछते हैं तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं देते। ग्रुप में अधिकारी मैसेज करते हैं कि स्टाफ काम पर लगा हुआ है, जल्द ही बिजली चल जाएगी। लाइन ठीक करने का परमिट दो-दो घंटे का दिखाया जाता है।